दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, हल्की बारिश से लोगों को मिली राहत

दिल्ली और एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली। बुधवार दोपहर के बाद हुई बारिश से राजधानी का मौसम बदला और कई इलाकों में लोगों ने राहत महसूस की। नोएडा समेत एनसीआर के कई हिस्सों में भी बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बरसात दर्ज की गई। बारिश के बीच दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भी अलग नजारा देखने को मिला।
मंगलवार रहा सितंबर का सबसे गर्म दिन
मौसम विभाग के मुताबिक, बीता मंगलवार इस सितंबर का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा था। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। हवा में नमी का स्तर 48 से 89 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।
बुधवार को मौसम विभाग ने आसमान में आंशिक बादल छाने और अधिकतम तापमान 34 व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया था। मानसून अब विदाई की ओर है, लेकिन अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है।
बारिश की संभावना बरकरार
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले 10 दिनों से दिल्ली में बारिश नहीं हुई है और फिलहाल मौसम लगभग ऐसा ही रह सकता है। सामान्य तौर पर राजधानी से मानसून सितंबर के अंत तक विदा ले लेता है, लेकिन इस बार हल्की बरसात की संभावना बनी हुई है। स्काईमेट ने अनुमान जताया है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी प्रणाली के चलते 17 और 18 सितंबर को हल्की बारिश हो सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.