दक्षिण कोरियाई वाहन निर्माता किआ मोटर्स अपनी लोकप्रिय एसयूवी सेल्टोस के नए वेरिएंट पर कार्य कर रही है। इस मॉडल को कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है, जिससे संकेत मिलते हैं कि कंपनी इसे नए रूप और तकनीक के साथ बाजार में लाने की तैयारी कर रही है। हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार, किआ न केवल पेट्रोल और डीजल इंजन वाले संस्करणों पर बल्कि एक इलेक्ट्रिक वर्जन पर भी काम कर रही है। हालांकि, इस संबंध में कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है।
डिजाइन में होंगे खास बदलाव
टेस्टिंग के दौरान देखी गई नई सेल्टोस में दो अलग-अलग फ्रंट ग्रिल डिज़ाइन नजर आए—एक में वर्टिकल स्लैट्स और दूसरे में चौकोर पैटर्न। कुछ मॉडलों में इलेक्ट्रिक चार्जिंग पोर्ट स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है। इसके अलावा डुअल-टोन अलॉय व्हील्स के भी विभिन्न सेट नजर आए हैं। इनमें से कुछ में ग्लॉसी ब्लैक फिनिश व्हील आर्च भी देखने को मिले।
नया स्टाइल, बेहतर फीचर्स
पेट्रोल और डीजल वर्जन की बात करें तो किआ इसमें भी बड़े डिजाइन बदलाव करने की तैयारी में है। EV9 और EV सीरॉस की तरह इसमें ‘ऑपोजिट्स यूनाइटेड’ डिजाइन लैंग्वेज अपनाई जा सकती है। इसमें नई फ्रंट ग्रिल, वर्टिकल और पतली डेटाइम रनिंग लाइट्स तथा रियर में एलईडी स्ट्रिप से जुड़ा टेल लैंप सेटअप दिया जा सकता है। इंटीरियर में नया डैशबोर्ड लेआउट, बेहतर अपहोल्स्ट्री और अतिरिक्त फीचर्स की उम्मीद की जा रही है।
सेल्टोस इलेक्ट्रिक की संभावित रेंज और चार्जिंग क्षमता
इलेक्ट्रिक मॉडल में दो बैटरी पैक के विकल्प दिए जा सकते हैं। पहला मॉडल 42 kWh की बैटरी से लैस होगा, जो 133 bhp पावर जनरेट करेगा और करीब 390 किलोमीटर की रेंज देगा। इसे 11 kW के AC फास्ट चार्जर से लगभग 4 घंटे में 10% से 100% तक चार्ज किया जा सकता है, जबकि 50 kW DC फास्ट चार्जर से यह महज 58 मिनट में 10% से 80% तक चार्ज हो सकती है।
दूसरा, लॉन्ग रेंज वर्जन, 51.4 kWh बैटरी और 169 bhp आउटपुट के साथ आएगा। इसकी संभावित ड्राइविंग रेंज 473 किलोमीटर हो सकती है। इसे भी 11 kW चार्जर से लगभग 4 घंटे में फुल चार्ज किया जा सकेगा, जबकि DC फास्ट चार्जिंग में करीब एक घंटे से भी कम समय लगेगा।