मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और हाईवे पर सक्रिय चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। रात करीब 2 बजे हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हाईवे पर चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोह के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने भागने के साथ-साथ पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मेरठ निवासी जफर और मोनू के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद दोनों बदमाश मौके पर ही गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

अवैध हथियार और वाहन बरामद
मौके से पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन, दो अवैध तमंचे और भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इसी वाहन का इस्तेमाल हाईवे पर चोरी की वारदातों में किया जाता था।
लंबे समय से थी पुलिस को तलाश
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपी कई आपराधिक मामलों में वांछित थे और उनकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी। अब उनसे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और एसपी देहात अक्षय महादिक के निर्देश पर की गई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।