नई दिल्ली: सोमवार के कारोबारी सत्र में सोने और चांदी के दामों में अचानक और तेज गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया। MCX पर गोल्ड और सिल्वर के भाव दिन भर की तेजी के बाद अचानक 1,500 और 8,100 रुपए तक गिर गए। विशेषज्ञों का मानना है कि इस गिरावट के पीछे एक नहीं बल्कि कई अंतरराष्ट्रीय संकेत जिम्मेदार हैं।
MCX पर सोने का भाव
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 2 अप्रैल 2026 एक्सपायरी वाला सोना दिन भर में 1,48,457 रुपए प्रति 10 ग्राम तक उच्च स्तर पर ट्रेड करने के बाद गिरकर 1,43,460 रुपए तक आ गया। रात 9 बजे तक सोना 1,494 रुपए (-1.03%) सस्ता होकर कारोबार कर रहा था। पिछले क्लोज और आज के लो लेवल की तुलना करें तो सोने में कुल 1,569 रुपए प्रति 10 ग्राम की गिरावट हुई।
MCX पर चांदी के दाम
चांदी (5 मई 2026 एक्सपायरी) में और भी बड़ी गिरावट देखी गई। दिन की शुरुआत में सिल्वर 2,39,948 रुपए प्रति किलो पर खुला, ट्रेडिंग के दौरान 2,40,000 रुपए का हाई और 2,23,305 रुपए का लो लेवल दर्ज किया गया। देर रात चांदी 5,550 रुपए (-2.40%) की गिरावट के साथ 2,25,910 रुपए प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। पिछले क्लोज और आज के लो लेवल की तुलना करें तो चांदी में 8,155 रुपए की भारी कमी आई।
विशेषज्ञों की राय
ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश सिंघल ने जागरण बिजनेस से बातचीत में कहा कि सोने और चांदी की इस अचानक गिरावट के पीछे कई कारक हैं। इनमें वैश्विक वित्तीय संकेत, डॉलर के मजबूती, अंतरराष्ट्रीय मांग में बदलाव और निवेशकों का भावनात्मक रुझान शामिल हैं। उनका कहना है कि ऐसे समय में निवेशकों को भावनाओं में बहकर निर्णय नहीं लेना चाहिए और लंबी अवधि की रणनीति पर ध्यान देना जरूरी है।
निवेशकों के लिए सुझाव
विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे बाजार उतार-चढ़ाव के समय सोने-चांदी में निवेश सोच-समझकर ही करना चाहिए। छोटे निवेशक ज्यादा तेजी या गिरावट से प्रभावित होकर जल्दबाजी में खरीद या बिक्री करने से बचें।