भारतीय कुश्ती महासंघ (Wrestling Federation of India - WFI) ने महिला पहलवान Vinesh Phogat को एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति देने वाले दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। फेडरेशन ने इस मामले में उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है, जहां शुक्रवार को इस पर सुनवाई होने की संभावना है।

सुप्रीम कोर्ट में होगी अहम सुनवाई

सूत्रों के अनुसार, इस याचिका पर सुप्रीम कोर्ट की पीठ, जिसमें जस्टिस पी. एस. नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे शामिल हैं, सुनवाई करेगी। WFI ने हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें Vinesh Phogat को आगामी चयन ट्रायल में भाग लेने की अनुमति दी गई थी।

दिल्ली हाईकोर्ट का आदेश

इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने 22 मई को दिए अपने फैसले में कहा था कि WFI की चयन प्रक्रिया में स्पष्टता की कमी और भेदभाव की संभावना दिखाई देती है। कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की थी कि चयन नीति में किसी भी तरह का विशेष विवेकाधिकार न होने से यह व्यवस्था “एक्सक्लूजनरी” यानी कुछ खिलाड़ियों को बाहर रखने वाली प्रतीत होती है।

कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी माना था कि Vinesh Phogat मातृत्व अवकाश के बाद वापसी कर रही हैं और ऐसे में उन्हें चयन ट्रायल में हिस्सा लेने का अवसर मिलना चाहिए।