मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र में एक धार्मिक स्थल के पास कुर्बानी को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
मौके पर बढ़ी भीड़, माहौल हुआ तनावपूर्ण
जानकारी के अनुसार, धार्मिक स्थल के आसपास कुर्बानी को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों तरफ से लोग एकत्र हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हंगामे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद नौचंदी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और समझाइश देकर भीड़ को शांत कराया।
पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया
पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने भेजा है। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।
अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और माहौल बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, निगरानी बढ़ाई गई
घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने जानकारी देते हुए बताया कि बाहर से आए एक व्यक्ति, जो झूले वाला बताया जा रहा है, उसे हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।