केन्या से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां मध्य क्षेत्र के एक गर्ल्स बोर्डिंग स्कूल में देर रात भीषण आग लगने से 16 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 79 छात्राएं घायल बताई जा रही हैं। यह घटना गिलगिल इलाके के उटुमिशी गर्ल्स स्कूल में हुई, जहां हॉस्टल में अचानक आग भड़क उठी।
सोते समय फैली आग, कई छात्राएं नहीं बच पाईं
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, जिस समय आग लगी उस वक्त अधिकतर छात्राएं अपने कमरों में सो रही थीं, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। आग तेजी से पूरे हॉस्टल में फैल गई और अफरा-तफरी मच गई।
शिक्षा मंत्री जूलियस ओंगामा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया और आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
स्कूल में 800 से अधिक छात्राएं पढ़ती हैं, ऐसे में घटना के बाद पूरे परिसर और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। परिजन अपने बच्चों की जानकारी के लिए लगातार स्कूल और अस्पतालों के संपर्क में बने हुए हैं।
कारणों की जांच जारी
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती जांच में यह देखा जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे हादसे
केन्या में स्कूलों में आग लगने की घटनाएं पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2001 में मचाकोस काउंटी में हुए एक बड़े हादसे में 67 छात्रों की मौत हो गई थी। इसके अलावा 2017 और 2024 में भी इसी तरह की दुखद घटनाएं दर्ज की गई थीं।