नई दिल्ली। गुरुवार को पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक बाजारों की अनिश्चितता के बीच भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुला। प्री-ओपनिंग में सेंसेक्स लगभग 2,000 अंक तक गिर गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1,953.21 अंक की गिरावट के साथ 74,750.92 पर और निफ्टी 580.05 अंक गिरकर 23,197.75 पर आ गया। वहीं, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 49 पैसे की गिरावट के साथ रिकॉर्ड निचले स्तर 92.89 पर पहुँच गया।

पश्चिम एशिया में तनाव से वैश्विक बाजारों में घबराहट

पश्चिम एशिया में ऊर्जा ढांचे पर हमलों ने वैश्विक निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। ईरान के प्रमुख गैस उत्पादन क्षेत्र और कतर की दुनिया की सबसे बड़ी एलएनजी उत्पादन सुविधा पर हमले के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका गहरी हुई है।

बैंकिंग और बाजार विशेषज्ञ अजय बग्गा ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र के तनाव के चलते वैश्विक ऊर्जा सप्लाई में बाधा की संभावना बढ़ गई है। उनका मानना है कि इसका असर महंगाई और बाजारों पर सीधे दिख सकता है।

फेड ने ब्याज दरों को रखा स्थिर

इस बीच, अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को स्थिर रखा। फेड चेयर जेरोम पॉवेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में "अनिश्चितता" का कई बार उल्लेख करते हुए कहा कि टैरिफ और ऊर्जा संकट के चलते महंगाई का दबाव बढ़ सकता है। उनका रुख अपेक्षाकृत सख्त (हॉकिश) माना जा रहा है।

अजय बग्गा के अनुसार, वैश्विक बाजारों से नकारात्मक संकेत मिलने के कारण भारतीय शेयर बाजार भी दबाव में खुल सकते हैं। निवेशकों में फिलहाल सतर्कता का माहौल बना हुआ है।

एशियाई बाजारों में भी गिरावट

शुरुआती कारोबार में एशियाई बाजारों में भी मंदी का असर दिखाई दिया। जापान का निक्केई 225 2.18 प्रतिशत गिरकर 53,787 पर, सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स 0.47 प्रतिशत गिरकर 4,978 पर, हांगकांग का हैंग सेंग 1.68 प्रतिशत गिरकर 25,587 पर, ताइवान का भारित सूचकांक 1.17 प्रतिशत गिरकर 33,946 पर और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.55 प्रतिशत गिरकर 5,836 पर आ गया।

अमेरिकी बाजारों में बुधवार रात से ही नकारात्मक रुझान देखा गया। डॉव जोन्स 1.63 प्रतिशत गिरकर 46,225, एसएंडपी 500 1.36 प्रतिशत गिरकर 6,624 और नैस्डैक 1.46 प्रतिशत गिरकर 22,152 पर बंद हुआ।

कच्चे तेल और कीमती धातुओं में गिरावट

वैश्विक अनिश्चितता के बीच ब्रेंट क्रूड का भाव 112 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। सोने और चांदी के दाम भी गिरावट में रहे। 24 कैरेट सोने का भाव 1,52,026 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,44,756 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक तनाव, ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान और आर्थिक नीतियों की अनिश्चितता के कारण निवेशक फिलहाल सतर्क हैं, जिससे बाजार में नकारात्मक रुझान कायम है।