नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर हाल ही में फैल रही अफवाहों के बीच भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने साफ किया है कि देशभर में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। कंपनी ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अपनी वास्तविक जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें।
BPCL ने क्या कहा
BPCL के मुताबिक, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर चल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं। देश में पर्याप्त मात्रा में कच्चा तेल, पेट्रोल, डीजल और एटीएफ (ATF) उपलब्ध है। कंपनी ने भरोसा दिलाया कि सप्लाई चेन पूरी तरह सक्रिय है और किसी भी बाधा के बिना ईंधन की वितरण प्रक्रिया चल रही है। BPCL ने यह भी बताया कि भारत पेट्रोल और डीजल का नेट एक्सपोर्टर है।
डीलर्स एसोसिएशन का भरोसा
तेलंगाना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने भी प्रेस नोट जारी कर कहा कि एचपीसीएल, आईओसीएल और बीपीसीएल के पास पर्याप्त ईंधन स्टॉक उपलब्ध है। एसोसिएशन ने बताया कि सोशल मीडिया और अफवाहों के कारण लोग पेट्रोल पंपों पर जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं, जिससे कुछ पंपों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म होने जैसी स्थिति देखी गई।
नागरिकों से अपील
एसोसिएशन और BPCL दोनों ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अपनी जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल और डीजल खरीदें। साथ ही ईंधन को डिब्बों में स्टोर करने से बचें, क्योंकि पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) के नियमों के अनुसार ऐसा करना खतरनाक है और इससे आग जैसी दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ सकता है।
BPCL और डीलर्स एसोसिएशन ने यह भी कहा कि आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और पैनिक बायिंग से नुकसान केवल खुद उपभोक्ताओं का होगा।