क्या आप जानते हैं कि दुनिया का सबसे महंगा आम कौन सा है? तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में आयोजित मैंगो एक्सपो में करीब 240 किस्मों के आमों का प्रदर्शन किया गया। कोंडा लक्ष्मण बापूजी मैंगो रिसर्च इंस्टीट्यूट में आयोजित इस प्रदर्शनी में जापान का मियाजाकी आम आकर्षण का केंद्र बना। इस एक्सपो में किसानों को आम की विभिन्न किस्मों के साथ-साथ खेती की उन्नत तकनीकों और अधिक उपज देने वाली प्रजातियों के बारे में जानकारी दी गई।
मियाजाकी आम: दुनिया का सबसे महंगा आम
जापान का मियाजाकी आम अपनी ऊंची कीमत के साथ-साथ स्वाद और पोषक तत्वों के कारण भी चर्चा में रहा। इस आम की कीमत लगभग 2 लाख रुपये प्रति किलो है। इसकी खासियत इसका गहरा बैंगनी रंग और नारंगी गुदा है, जिसमें बीटा कैरोटीन की भरपूर मात्रा पाई जाती है। यह आम आंखों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है।
किसानों को दी गई बेहतर पैदावार की जानकारी
इस मैंगो एक्सपो में देश-विदेश के वैज्ञानिकों और कृषि विशेषज्ञों ने भी हिस्सा लिया। फ्रूट रिसर्च सेंटर की सीनियर साइंटिस्ट डॉ. सुचित्रा ने किसानों को मियाजाकी आम की उच्च गुणवत्ता वाली पैदावार के लिए सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि आम को अधिक रोशनी में रखना चाहिए और इसे ठीक से बैग में कवर करना चाहिए, ताकि दाग-धब्बे न पड़ें और गुणवत्ता बनी रहे।
477 किस्मों पर हो रही रिसर्च
डॉ. सुचित्रा के अनुसार, कोंडा लक्ष्मण बापूजी मैंगो रिसर्च इंस्टीट्यूट में दुनिया के लगभग 477 किस्मों के आम पर शोध किया जा रहा है। यहां आम की खेती और उसकी किस्मों के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किए जाते हैं।
दुर्लभ आमों का प्रदर्शन
इस एक्सपो में अंडमान के जंगली आम और केरल के मिर्च आकार वाले आम भी प्रदर्शित किए गए। किसान और विशेषज्ञ इन अनोखी किस्मों के बारे में जानकर उत्साहित दिखे।