पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के खिलाफ ED ने भी आय से अधिक संपत्ति मामले में दर्ज किया केस

सपा शासनकाल में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रजापति के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय एक और केस दर्ज कर लिया है। निदेशालय अब गायत्री की बेनामी संपत्तियों को जब्त करने की तैयारी कर रहा है। प्रवर्तन निदेशालय ने बीती 30 दिसंबर को गायत्री के परिवार व करीबियों के यहां छापा मारा था। इस छापेमारी में पूर्व मंत्री व उनके परिजनों के नाम की 100 से अधिक नामी-बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए थे। इनमें 56 संपत्तियां गायत्री ने अपने परिवारीजन व करीबियों के नाम करीब 36 करोड़ रुपये में खरीदी थीं। साथ ही 44  बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले थे। 

इससे पहले भी गायत्री के कर्मचारियों के नाम से दर्ज बेनामी संपत्तियों की जानकारी सामने आ चुकी है। निदेशालय गायत्री की नामी और बेनामी संपत्तियों की सिलसिलेवार छानबीन कर उनकी वास्तविक कीमत का मूल्यांकन कर रहा है। निदेशालय ने पूर्व में भी मनी लांड्रिंग के आरोप में गायत्री के खिलाफ पहले मुकदमा दर्ज किया था। इसी मामले की जांच के तहत पिछले दिनों छापामारी की गई थी।

गौरतलब है कि पूर्व मंत्री के खिलाफ विजिलेंस ने भी करीब दो माह पूर्व आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया था। विजिलेंस की खुली जांच में गायत्री की आय से छह गुना अधिक संपत्ति सामने आई थी। इस जांच में भी गायत्री की लखनऊ, अमेठी, सुलतानपुर व प्रतापगढ़ में 21 संपत्तियां सामने आई थीं।

बहरहाल प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले दिनों हुई छापामारी में बरामद बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज जिन लोगों के नाम से हैं उनकी तलाश तेज कर दी और उनसे पूछताछ की जानी है। निदेशालय गायत्री के बेटों से भी उनके नाम से दर्ज संपतियों को लेकर सवाल करेगा। इन्ही बेनामी संपत्तियों की जानकारी सामने आने के बाद निदेशालय ने अब गायत्री के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कर लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here