इजरायली सेना ने गाजा में बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए हमास के सैन्य विंग के नए प्रमुख मुहम्मद ओदेह को मार गिराने का दावा किया है। इस कार्रवाई की पुष्टि इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की है। बताया गया कि यह ऑपरेशन प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज के निर्देश पर अंजाम दिया गया।
इजरायली अधिकारियों के अनुसार, मुहम्मद ओदेह हमास की खुफिया गतिविधियों से जुड़ा अहम चेहरा था और सात अक्टूबर 2023 को हुए हमलों में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही थी। उसे हमास के नौसैनिक कमांडर के तौर पर भी जाना जाता था। इजरायल का आरोप है कि ओदेह कई आतंकी हमलों की साजिश और इजरायली नागरिकों व सैनिकों के अपहरण तथा हत्या में शामिल रहा था।
जानकारी के मुताबिक, ओदेह को हाल ही में हमास के सैन्य विंग की कमान सौंपी गई थी। उसने उस पद पर इज्जेदीन अल-हद्दाद की जगह ली थी, जो दो सप्ताह पहले इजरायली हमले में मारा गया था।
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि सात अक्टूबर हमले में शामिल हर व्यक्ति तक इजरायल पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि इजरायल उन सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगा, जो उस हमले की साजिश में शामिल थे।
इधर, दक्षिणी लेबनान में भी इजरायली सेना की कार्रवाई तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायल ने लेबनान के कई इलाकों में हवाई हमले किए हैं, जिनमें कई लोगों के मारे जाने और घायल होने की खबर सामने आई है।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने हिजबुल्ला के खिलाफ सैन्य अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए थे। इजरायल का दावा है कि बीते कुछ हफ्तों में हिजबुल्ला से जुड़े सैकड़ों लड़ाकों को निशाना बनाया गया है।