कर्णप्रयाग क्षेत्र में निहंग सिखों और स्थानीय युवकों के बीच हुई झड़प में घायल एक निहंग को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। घायल निहंग से मिलने के लिए निहंग सिखों का एक जत्था अस्पताल पहुंचा, जहां उन्होंने इलाज की व्यवस्था को संतोषजनक बताया। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार को हिमाचल और उत्तराखंड सीमा स्थित कुल्हाल चेक पोस्ट पर रोके गए निहंगों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखी थीं। इनमें एम्स में भर्ती घायल निहंग से मुलाकात की अनुमति भी शामिल थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह से ही यह संभावना जताई जा रही थी कि निहंगों का एक समूह ऋषिकेश एम्स पहुंच सकता है।
हालांकि, पुलिस और एम्स प्रशासन ने इस तरह की किसी औपचारिक मुलाकात की पुष्टि से इनकार किया था। इसके बावजूद निहंगों का एक दल अस्पताल पहुंचा और भर्ती घायल साथी से मिला। बताया जा रहा है कि यह मुलाकात प्रशासनिक स्तर पर काफी हद तक गोपनीय रखी गई थी, लेकिन बाद में निहंगों के ग्रुप द्वारा वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने से मामला सामने आ गया।
वायरल वीडियो में निहंग सिख एम्स में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की सराहना करते नजर आ रहे हैं। साथ ही वे प्रशासन के सहयोग को भी सकारात्मक बता रहे हैं। वीडियो में निहंग संगतों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।