केन्या के पूर्व प्रधानमंत्री रैला ओडिंगा के अंतिम दर्शन के दौरान शनिवार को फिर भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। कुछ घायलों को गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना शुक्रवार को नैरोबी में आयोजित उनके राजकीय अंत्येष्टि समारोह की याद ताजा कर गई, जब भगदड़ के कारण दो लोगों की मौत हो गई थी और 160 से अधिक लोग घायल हुए थे। भारत से ओडिंगा का शव पहुंचने के अगले दिन ही एक स्टेडियम में उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए रखा गया था, और उस दिन भी भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हुई थी।

पुलिस ने उस समय भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग और आंसू गैस का इस्तेमाल किया था, जिसमें चार लोग मारे गए और कई घायल हुए थे। केन्याई राजनीति में दशकों तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ओडिंगा का बुधवार को भारत में 80 वर्ष की आयु में निधन हुआ था, जहां उनका इलाज चल रहा था।