चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने राज्यसभा चुनाव और विधानसभा के बजट सत्र के समापन के तुरंत बाद राज्य में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। इसमें 23 सीनियर आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा चुनाव में आईएएस अधिकारी राजा शेखर वुंडरू ने कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध को अप्रत्यक्ष रूप से काफी मदद दी। उनके चुनाव में रणनीति तैयार करने और टिकट सुनिश्चित कराने में वुंडरू की भूमिका बताई जा रही है। इसी आधार पर सरकार ने उन्हें कम महत्व के पद पर स्थानांतरित कर दिया है।

राजा शेखर वुंडरू से खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का दायित्व वापस लेकर उन्हें प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है। उनके पास परिवहन विभाग की जिम्मेदारी बरकरार रखी गई है। आईएएस अधिकारियों के बीच इस पोस्टिंग को सरकार की नाराजगी का संकेत माना जा रहा है।

इसी तरह, लंबे समय से टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग देख रहे अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह को उच्च शिक्षा विभाग, लोक निर्माण (B&R) और वास्तुकला विभाग में स्थानांतरित किया गया। उनके स्थान पर अनुराग अग्रवाल को नगर एवं ग्राम आयोजना और शहरी संपदा विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया।

साकेत कुमार को मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव का पद बरकरार रखते हुए विकास एवं पंचायत विभाग, सहकारिता विभाग और हरियाणा पावर जेनरेशन कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

अन्य अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां इस प्रकार हैं:

  • जी अनुपमा – सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग और अंत्योदय (सेवा) विभाग के साथ नागरिक उड्डयन विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव।

  • विजयेंद्र कुमार – कृषि एवं किसान कल्याण, नियुक्तियां, कार्मिक विभाग, सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव और हरियाणा आय संवर्धन बोर्ड अधिकारी का OSD।

  • पंकज अग्रवाल – सिंचाई एवं जल संसाधन और खान एवं भूविज्ञान विभाग के प्रधान सचिव; हरियाणा सरस्वती हेरिटेज बोर्ड में सलाहकार।

  • विजय सिंह दहिया – स्कूल शिक्षा विभाग के साथ पशुपालन और खेल विभाग के प्रधान सचिव।

  • आशिमा बराड़ – आबकारी, कराधान और वित्त विभाग के साथ ऊर्जा विभाग के आयुक्त एवं सचिव।

  • फूलचंद मीणा – मानव संसाधन विभाग, सामान्य प्रशासन के आयुक्त एवं सचिव, गुरुग्राम और फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी।

  • ए मोना श्रीनिवास – रेजीडेंट कमिश्नर हरियाणा भवन नई दिल्ली और सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी।

  • जे गणेशन – खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, नागरिक संसाधन सूचना विभाग के आयुक्त एवं सचिव, आवास विभाग के महानिदेशक एवं सचिव।

  • अशोक कुमार मीणा – शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव और विदेश सहयोग विभाग के महानिदेशक।

  • मनी राम शर्मा – रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां।

  • मुकुल कुमार – निदेशक शहरी स्थानीय निकाय, मिशन निदेशक राज्य शहरी आजीविका मिशन और निदेशक हास्पिटेलिटी।

  • डा. आदित्य दहिया – प्रबंध निदेशक हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम और निदेशक डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर।

  • विजय कुमार सिद्धप्पा भावीकट्टी – प्रबंध निदेशक हैफेड और हरियाणा इंटरनेशनल हार्टिकल्चर मार्केटिंग कॉर्पोरेशन गनौर।

  • सुशील सारवन – प्रबंध निदेशक हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम और हरियाणा वित्त निगम।

  • विक्रम – दक्षिणी हरियाणा और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक।

  • नेहा सिंह – उपायुक्त सोनीपत।

  • वर्षा खांगवाल – सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक, विजिलेंस विभाग की अतिरिक्त सचिव और राज्य परियोजना निदेशक हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद।

  • मनीता मलिक – निदेशक मौलिक शिक्षा हरियाणा और अतिरिक्त सचिव स्कूल शिक्षा विभाग।

  • वंदना दिसोदिया – कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण हरियाणा की निदेशक और अतिरिक्त सचिव।

हरियाणा सरकार का यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल यह संकेत देता है कि चुनावी रणनीतियों और कार्यक्षेत्रों में संतुलन बनाए रखने के लिए बदलाव किए जा सकते हैं।