वाशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में आर्मी बेस के ऊपर अज्ञात ड्रोन देखे जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अमेरिकी अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि इन ड्रोन उड़ानों के पीछे कौन जिम्मेदार है।
उच्च अधिकारियों के आस-पास बढ़ाई गई सुरक्षा
वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ इसी क्षेत्र में रहते हैं। इन घटनाओं के बाद उनके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अमेरिका में ड्रोन देखे जाने की यह घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं जब वैश्विक तनाव बढ़ा हुआ है, खासकर मिडिल ईस्ट में संघर्ष तेज होने के कारण अमेरिकी सैन्य और सरकारी प्रतिष्ठानों के पास सुरक्षा चौकसी बढ़ा दी गई है।
एफबीआई ने पहले ही जारी की थी चेतावनी
एबीसी न्यूज के मुताबिक, फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने पहले ही कैलिफोर्निया पुलिस को ईरान की ओर से संभावित ड्रोन हमलों के बारे में चेतावनी दी थी। यह चेतावनी फरवरी में जारी की गई थी, लेकिन इसमें लक्ष्यों और समय के बारे में कोई विशेष जानकारी नहीं दी गई थी।
मिडिल ईस्ट में लगातार बढ़ता तनाव
मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हुई। इसके बाद ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिकी एयरबेस पर हमला किया। लेबनान में स्थित हिजबुल्लाह ने ईरान के समर्थन में इजरायल पर मिसाइलें दागीं।
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच यह संघर्ष अब 20वें दिन में प्रवेश कर चुका है और फिलहाल इसके शांत होने के कोई संकेत नहीं हैं।