हिमाचल: कांग्रेस को चुनाव से पहले झटका

हिमाचल में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस को जोरदार झटका लगा है। युवा कांग्रेस (युकां) के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मनीष ठाकुर समेत 25 कांग्रेस नेताओं ने पार्टी की सदस्यता त्यागकर आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम लिया है। दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने सदस्यता दिलाई।

इसके बाद सभी 25 नेताओं ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात की। मनीष ठाकुर ने दावा किया कि आने वाले दिनों में कई और कांग्रेस नेता आप में शामिल होने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आप पार्टी सभी 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और कांग्रेस व भाजपा को करारा जवाब दिया जाएगा।

इन नेताओं की तानाशाही की वजह से छोड़ी पार्टी

मनीष ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष, संगठन महासचिव और पार्टी के प्रदेश प्रभारी की तानाशाही की वजह से उन्होंने 25 साल तक कांग्रेस के लिए काम करने के बाद पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है। हिमाचल कांग्रेस में संगठन के उच्च पदों पर बैठे पदाधिकारियों के गैर जिम्मेदार रवैये के कारण पार्टी के युवा कार्यकर्ता आहत हैं। इन नेताओं ने कांग्रेस को अपने घर की जागीर बना कर रखा है।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता।

इन नेताओं ने की आप जॅाइन

मनीष ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश कांग्रेस के सचिव साजिद अली, अत्तर कपूर पूर्व प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव, राकेश ठाकुर प्रधान ग्राम पंचायत कुनिहार अर्की, गौरव ठाकुर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अर्की, जय लाल शर्मा BDC सदस्य कुपवी वार्ड चोपाल, गौरव बंचायैक पूर्व प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस चोपाल, भानु शर्मा BDC सदस्य देओठी वार्ड कसौली विधानसभा, ईशान ओहरी प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस ऊना, सुधीर सुमन पूर्व प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस झंडूता, जसवीर सिंह जिला परिषद सदस्य महादेव वार्ड नाचन मंडी, विवेक जसवाल पंचायत सिमस जोगिंदर नगर मंडी, मनोज शर्मा पूर्व प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस, जगपाल चौहान पूर्व प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस शिल्लाई विधानसभा, पदम नेगी पूर्व युवा कांग्रेस लोकसभा सचिव शिमला शिल्लाई विधानसभा, पंकज सिंगता पूर्व यूंका उपाध्यक्ष शिल्लाई, प्रवेश शर्मा पूर्व महासचिव शिलाई विधानसभा, रितेश मेहता पूर्व जिला कांग्रेस महासचिव सिरमौर, रोनी घेड़ता प्रवक्ता हिमाचल युवा कांग्रेस, अनीश राठौर पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस, चेतन चौहान पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस, विक्रम कंवर पूर्व युंका नेता, विशाल पूरी सचिव महासचिव युवा कांग्रेस ऊना, राधेश्याम सचिव जिला कांग्रेस कमेटी मंडी सहित कई युवाओं ने आज दिल्ली में सदस्यता ग्रहण की है।

कांग्रेस के लिए आत्मघाती होगा यह बदलाव

विधानसभा चुनाव से पहले युवा नेताओं का इस तरह से पार्टी छोड़कर जाना कांग्रेस के लिए आत्मघाती साबित हो सकता है। कांग्रेस को नाराज चल रहे नेताओं की नाराजगी दूर करके पार्टी को संगठित रखने की जरूरत है। खासकर जिस तरह के परिणाम पंजाब में आए हैं, उससे प्रभावित होकर कई दिग्गज नेता कांग्रेस और भाजपा छोड़कर आप में शामिल हो सकते हैं। राजनीति के पंडितों की मानें तो भाजपा की तुलना में कांग्रेस के ज्यादा लोग पार्टी छोड़कर आप का दामन थाम सकते है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here