हिमाचल: पालमपुर के दरंग में पेड़ से टकरा गई बस, 22 यात्री घायल

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के उपमंडल पालमपुर के दरंग में एक निजी बस पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक समेत 22 यात्री घायल हो गए हैं। बस में करीब 35 सवारियां थीं। आठ घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों को नगरोटा अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। निजी बस पालमपुर से कांगड़ा जा रही थी। दंरग के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में करीब 22 लोग घायल हो गए।

सभी घायलों को नगरोटा बगवां अस्पताल ले जाया गया। यहां से आठ लोगों को टांडा रेफर कर दिया गया। अन्य का इलाज कर उन्हें घर भेज दिया गया।  मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी भवारना केहर सिंह ने बताया जाता है कि बस के पेड़ से टकराने से सवारियों में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बस में करीब 35 सवारियां थीं। इनमें 22 लोग घायल हो गए हैं। आठ लोगों को टांडा रेफर किया गया है। पुलिस ने चालक ओंकार चंद निवासी सुक्कड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

ये लोग हुए घायल
चालक ओंकार चंद, कुशला देवी (50) निवासी घोड़व, सविता (29), अक्षिता पटियाल (6) निवासी लंजेहड़ रंझू, रविंद्र कुमार (38) खड़ौठ, सुनिधि (21) आईमा, रत्न चंद (72) हटवास, विशाल कुमार (23: भदरेह़, अवंतिक (23) घुग्घर, विध्याचंल (23) बिहार, सीमा (32) लदवाड़ा, विनीत (34) संदू ब्रडग़्रां, जगतंबा (60) धरहेड़, नीमा देवी (59) को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कुशला (50), शुभकरण (63) भट्टू समूल, ज्योति (20), राधा देवी (43) अरला, दिनेश कुमारी (26) दियोग्रा, विमला देवी (26) दैहण, गायत्री देवी (60) व दया राम (50) निवासी अरला को टांडा रेफर किया गया है।

बिना फिटनेस सर्टिफिकेट दौड़ रही स्कूल बस डंगे से टकराई, बाल-बाल बचे बच्चे
 देहरा शहर के साथ लगते एक निजी स्कूल के बच्चे सड़क हादसे का शिकार होने-होने से बच गए। शुक्रवार को जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त छुट्टी के बाद बच्चों को स्कूल बस घर छोड़ने जा रही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बिना फिटनेस सर्टिफिकेट के बस चलाने पर चालान किया है।जानकारी के अनुसार सुनहेत स्थित एक निजी स्कूल की बस छुट्टी के बाद बच्चों को छोड़ने देहरा की तरफ जा रही थी। बस में करीब 25 बच्चे सवार थे। ब्यास पुल से पहले (दियाड़ा) सड़क पर पड़े गड्ढों को भरने के लिए एनएच के कर्मचारी काम कर रहे थे। उन्होंने गड्ढों को भरने के लिए सीसी का इस्तेमाल किया। गड्ढे में सीसी के ताजा होने के कारण और उस पर से कोई वाहन न गुजरे, तो वहां पर जेसीबी खड़ी कर दी थी। ऐसे में वाहन एक साइड से निकल रहे थे।

उसी समय लोअर सुनहेत के तरफ से बच्चों से भरी स्कूल बस आई। चालक का स्कूल बस पर नियंत्रण नहीं रहा और जेसीबी को देख घबरा गया। इसके बाद चालक ने एक तरफ मोड़ डंगे से बस को टकरा दिया। हालांकि हादसे में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद अभिभावक भी मौके पर दौड़े चले आए। कई अभिभावक बच्चों को अपने निजी वाहन में घर को ले गए। शेष बच्चे दूसरी स्कूल बस में गए। डीएसपी देहरा विशाल वर्मा ने कहा कि पुलिस मामले जांच कर रही है। हादसे में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई है। हालांकि पुलिस ने बस के दस्तावेज चेक करने के बाद पाया कि बस बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के दौड़ रही थी। इसके बाद पुलिस ने बस का तीन हजार रुपये का चालान किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here