कोलकाता। काठमांडू से इस्तांबुल जा रही तुर्किश एयरलाइंस की एक वाइडबॉडी फ्लाइट को बुधवार दोपहर तकनीकी खराबी के कारण कोलकाता की ओर मोड़ना पड़ा। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरते ही विमान के एक इंजन में गंभीर समस्या सामने आई। पायलटों की तुरंत और सूझबूझ भरी कार्रवाई के चलते विमान में सवार सभी 236 यात्री और 11 चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, तुर्किश एयरलाइंस की उड़ान संख्या THY-727 ने दोपहर 1.29 बजे काठमांडू से टेकऑफ किया। चढ़ाई के दौरान ही पायलटों ने इंजन में गड़बड़ी का संकेत देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पायलटों ने काठमांडू एटीसी को सूचित किया और धाडिंग जिले के धरके क्षेत्र के ऊपर विमान को कुछ समय के लिए होल्ड में रखा।
सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता देते हुए पायलटों ने फैसला किया कि एक इंजन पर लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ान जारी रखना सुरक्षित नहीं है। विमान के पास काठमांडू लौटने या भैरहवा हवाई अड्डे पर उतरने के विकल्प थे, लेकिन जोखिम से बचते हुए कोलकाता की ओर रुख किया गया।
कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान दोपहर 3.03 बजे सुरक्षित रूप से लैंड कर गया। उतरने के बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्री और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।