एयर इंडिया हादसे के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट बंद, रेलवे ने दिल्ली और मुंबई के लिए चलाई स्पेशल ट्रेनें

गुजरात के अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का विमान गुरुवार को दुर्घटना का शिकार हो गया। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू सदस्य (जिसमें दो पायलट शामिल हैं) शामिल थे। हादसे के बाद एहतियातन सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

फंसे यात्रियों के लिए विशेष रेल व्यवस्था

हवाई अड्डे पर फंसे यात्रियों की सुविधा के लिए सरकार ने विशेष रेल सेवाएं शुरू करने की घोषणा की है। रेलवे द्वारा दिल्ली और मुंबई के लिए विशेष वातानुकूलित ट्रेनें चलाई जा रही हैं। एक ट्रेन रात 11:30 बजे दिल्ली और दूसरी ट्रेन रात 12:00 बजे मुंबई के लिए अहमदाबाद से रवाना होगी। अहमदाबाद का यह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश के आठ सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में शुमार है, जहां प्रतिदिन औसतन 250 विमानों की आवाजाही होती है।

सभी उड़ानें अनिश्चितकाल के लिए निलंबित

हादसे के चलते हवाई अड्डे से संचालित सभी उड़ानों को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे अपनी संबंधित एयरलाइनों से संपर्क में रहें ताकि ताजा जानकारी प्राप्त होती रहे।

नागरिक उड्डयन मंत्री ने लिया घटनास्थल का जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू विजयवाड़ा से अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने डीजीसीए, एएआई, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन से संपर्क बनाए रखा है। मंत्री ने ट्वीट कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि राहत कार्य प्राथमिकता पर चल रहे हैं और सभी एजेंसियों को तत्काल व समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। घायल यात्रियों को समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाने के लिए प्रयास जारी हैं।

विमान ने उड़ान के दो मिनट बाद ही गवाया नियंत्रण

सूत्रों के अनुसार, विमान ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी और महज दो मिनट बाद, 1:40 बजे हादसे का शिकार हो गया। इस विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक सवार थे।

प्रधानमंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री से बात कर स्थिति की जानकारी ली और प्रभावितों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, विमान दुर्घटना की जांच के लिए विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) के महानिदेशक अपनी टीम के साथ अहमदाबाद रवाना हो चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here