मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे से पहले शहर में तैयारियां तेज हैं। इसी क्रम में अहिल्याबाई चौक पर देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा और नगर पालिका द्वारा कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन 13 अप्रैल को प्रस्तावित है।

हालांकि, उद्घाटन से पहले ही गुरुवार रात यहां एक हादसा हो गया। हरियाणा नंबर के एक ट्रक की चपेट में आने से प्रतिमा स्थल पर लगी फैंसी लाइट क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक काफी ऊंचा लदा हुआ था और गुजरते समय बिजली के तारों में उलझ गया। तार टूटकर ट्रक के साथ खिंच गया, जिससे वहां लगी सजावटी लाइट टूट गई।

घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।

गौरतलब है कि इस घटना से कुछ ही देर पहले जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रतिमा स्थल का निरीक्षण किया था। घटना के बाद तैयारियों को लेकर प्रशासन और अधिक सतर्क हो गया है।