बेंगलुरु में एक मामूली विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया, जहां पानी के इस्तेमाल को लेकर हुए झगड़े में एक पीजी मालिक की जान चली गई। घटना के बाद पुलिस ने दो छात्रों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 37 वर्षीय माधव माटले के रूप में हुई है, जो लक्ष्मी नरसिम्हा पीजी के मालिक थे। वहीं आरोपियों में राकेश (बीकॉम फाइनल ईयर) और डॉन ब्राइट सोन (बीबीए फर्स्ट ईयर) शामिल हैं, जो उसी पीजी में किराए पर रह रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6 से 6:30 बजे दोनों छात्र बाहर से लौटे थे और पीजी परिसर में लगे नल से पानी लेकर अपने पैर धो रहे थे। इसी दौरान पीजी मालिक ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद दोनों और मालिक के बीच बहस शुरू हो गई।

बहस बढ़ने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीजी मालिक ने कथित तौर पर क्रिकेट बैट उठाकर छात्रों पर हमला करने की कोशिश की। इसके बाद दोनों छात्रों ने बैट छीन लिया और उसी से उन पर हमला कर दिया।

इस हमले में माधव माटले गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।