आगरा। डौकी क्षेत्र के गांव ठार पारौली में सोमवार रात एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बारात चढ़ाई की रस्म के समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर बैंड की ठेल पर गिर गया, जिससे पूरे उपकरण में करंट फैल गया और कई लोग उसकी चपेट में आकर झुलस गए।

जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद क्षेत्र के गांव बमरौली निवासी हीरालाल की बारात ठार पारौली गांव में आई थी। रात करीब साढ़े नौ बजे बारात चढ़ाने की रस्म चल रही थी और बैंड की धुन पर बाराती नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सीधे बैंड वाहन पर गिर पड़ा।

तार गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और आसपास मौजूद लोगों में करंट फैल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई बाराती इसकी चपेट में आ गए और समारोह स्थल पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

ग्रामीणों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

इस हादसे में मदन शेखर (फतेहाबाद), तरुण (अंबेडकर नगर, फतेहाबाद), राजकुमार (फतेहाबाद), कन्हैया (बगदा) और तरुण (कोटली की बगीची, आगरा) सहित आधा दर्जन से अधिक लोग झुलस गए हैं। कुछ को हल्की चोटें आई हैं, जबकि कई का अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। वहीं, मिलाप बैंड के संचालक गुलाब खान ने डौकी थाने में सूचना दी है। हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगह बिजली की लाइनें जर्जर स्थिति में हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

फिलहाल सभी घायलों की स्थिति चिकित्सकों की निगरानी में बताई जा रही है। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी है।