ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा बुधवार को पांच दिवसीय राजकीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत भारत के विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने किया। इस दौरान भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने भी अपने आधिकारिक X पोस्ट के जरिए दौरे की जानकारी साझा की।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति लूला इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में हिस्सा लेंगे और इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
दौरे की अवधि और उद्देश्य
राष्ट्रपति लूला 18 से 22 फरवरी तक भारत में रहेंगे। यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर हो रहा है। इस बार लूला अपने साथ कई कंपनियों के मालिकों और अधिकारियों का बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी लेकर आए हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह दौरा दोनों देशों के बीच रणनीतिक और बहुआयामी साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। मंत्रालय ने ट्वीट में लिखा, “भारत और ब्राजील के रिश्ते गहरे और बहुआयामी हैं। ये साझेदारी समान ग्लोबल विज़न, लोकतांत्रिक मूल्यों और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता पर आधारित है। राष्ट्रपति लूला की यात्रा से दोनों देशों के सहयोग को नई रफ्तार मिलेगी।”
एआई समिट और व्यापारिक बातचीत
राष्ट्रपति लूला 19 और 20 फरवरी को नई दिल्ली में होने वाले एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेंगे। भारत पहुंचने से पहले उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि समिट के दौरान दोनों देशों के बीच नए व्यापार और तकनीकी अवसरों पर चर्चा होगी। उन्होंने यह भी बताया कि 2025 में भारत और ब्राजील के बीच कुल व्यापार 15 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक रहा।
द्विपक्षीय बैठक और उच्च स्तरीय मुलाकातें
विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति लूला और प्रधानमंत्री मोदी द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर विचार करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर दोपहर का औपचारिक भोज भी आयोजित करेंगे। बैठक में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों, बहुपक्षीय सहयोग, वैश्विक शासन और ग्लोबल साउथ से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी।
इसके अलावा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति लूला से मुलाकात करेंगी और उनके सम्मान में भोज आयोजित करेंगी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी ब्राजील के राष्ट्रपति से भेंट करेंगे।