तरणतारन। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) से जुड़े सरपंचों पर हो रहे हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को तरनतारन के गांव शेरो में एक विवाह समारोह के दौरान सरपंच हरबिंदर सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके चचेरे भाई को भी गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

समारोह में भगदड़, हमलावर सीधे अंदर घुसे

जानकारी के अनुसार, शादी के सात फेरों की रस्म पूरी होने के बाद समारोह में मेहमान डीजे पर भंगड़ा कर रहे थे। इसी दौरान सरपंच अपने रिश्तेदारों के साथ भोजन कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो मोटरसाइकिल सवार युवक समारोह स्थल के बाहर पहुंचे, बाइक खड़ी करके सीधे अंदर आए और पीछे से सरपंच पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। अचानक हुई फायरिंग से माहौल डरावना हो गया और समारोह में भगदड़ मच गई।

जब आरोपी फरार होने लगे, तो सरपंच के चचेरे भाई ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, उसी दौरान उन्हें भी गोली लगी। दोनों घायलों को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने हरबिंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि चचेरे भाई का इलाज जारी है।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी जगबीर सिंह, कमलजीत सिंह औलख और सीआईए स्टाफ प्रभजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।