ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन इस महीने के अंत में भारत का दौरा करेंगे. इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को और मजबूती मिलेगी. यूके सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार बोरिस जॉनसन इस हफ्ते पहली बार दिल्ली औरल गुजरात का दौरा करेंगे. यूके सरकार के पीएम मोदी के साथ बैठक में साझा वैश्विक चुनौतियों का सामना करते हुए आर्थिक, रक्षा, सुरक्षा और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा.
विदेश मंत्रालय ने इसको लेकर जानकारी देते हुए बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर, यूके के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन 21-22 अप्रैल 2022 को अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के तहत भारत आएंगे. 21 अप्रैल को वह गुजरात का दौरा करेंगे और 22 अप्रैल को पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे.
वहीं अपनी यात्रा से पहले बोरिस जॉनसन ने कहा कि मेरी भारत यात्रा उन जरूरतों के अनुरुप होगी जो दोनों देशों के लिए जरूरी है, जिसमें रोजगार सृजन और आर्थिक विकास से लेकर ऊर्जा सुरक्षा और रक्षा तक शामिल है. बताते चलें कि पीएम मोदी और जॉनसन के बीच आखिरी मुलाकात पिछले साल नवंबर में ग्लासगो समिट के दौरान हुई थी. कोरोना संकट के चलते दो बार यात्राएं स्थगित करनी पड़ी थीं.