नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने टेस्ला प्रमुख एलन मस्क की एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सरकार की आलोचना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन देश की छवि को नुकसान पहुंचाना गलत है।
किरेन रिजिजू ने एक्स पर लिखा कि वे आम तौर पर विदेशियों की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया नहीं देते, लेकिन इस बार एलन मस्क की पोस्ट का हवाला उन्होंने एक खास मकसद से दिया है। उन्होंने कहा कि यह संदेश राहुल गांधी तक पहुंचाने के लिए साझा किया गया है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि विरोध करना अलग बात है, लेकिन भारत की उपलब्धियों को कमतर दिखाना देश के हित में नहीं है।

रिजिजू ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि हर भारतीय को अपने देश पर गर्व होना चाहिए और वैश्विक मंच पर भारत की छवि को कमजोर करने वाली बातों से बचना चाहिए।