हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। देश की दो प्रमुख एयरलाइन कंपनियों ने नए साल में यात्रियों के लिए खास ऑफर लॉन्च किए हैं, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स का किराया कम और सुविधाएं सस्ती हो गई हैं। अगर आप आने वाले महीनों में यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो ये ऑफर आपके लिए बेहद लाभकारी साबित हो सकते हैं।

इंडिगो का न्यू ईयर ऑफर
इंडिगो ने 13 जनवरी 2026 से 16 जनवरी 2026 तक अपनी न्यू ईयर सेल खोली है। इस दौरान बुक किए गए टिकटों पर यात्री 20 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 के बीच यात्रा कर सकते हैं। ऑफर केवल उन्हीं यात्रियों के लिए है जो अपनी फ्लाइट की तारीख से कम से कम सात दिन पहले टिकट बुक कराएंगे।

इंडिगो की इस सेल में घरेलू फ्लाइट्स का एकतरफा किराया 1,499 रुपये से और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का शुरुआती किराया 4,499 रुपये से शुरू हो रहा है। इसके अलावा, एयरलाइन ने कई ऐड-ऑन सेवाओं पर छूट की भी घोषणा की है। चुनिंदा 6ई ऐड-ऑन सेवाओं पर 70% तक की छूट मिल सकती है, जिसमें फास्ट फॉरवर्ड जैसी सुविधाएं शामिल हैं। प्रीपेड अतिरिक्त सामान पर 50% तक की छूट और स्टैंडर्ड सीट सिलेक्शन पर 15% तक की छूट भी यात्रियों को मिलेगी।

छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों के लिए भी खास सुविधा है। 0 से 24 महीने के शिशु घरेलू फ्लाइट्स पर मात्र 1 रुपये में यात्रा कर सकते हैं, बशर्ते टिकट इंडिगो के डायरेक्ट चैनल से बुक हो। टिकट इंडिगो की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, AI पावर्ड असिस्टेंट 6ESkai, व्हाट्सएप नंबर या चुनिंदा ट्रैवल पार्टनर प्लेटफॉर्म्स से आसानी से बुक किए जा सकते हैं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस के ऑफर
वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी ‘टाइम टू ट्रैवल’ सेल के तहत घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों रूट्स पर रियायती टिकट पेश किए हैं। इसके तहत लाइट फेयर जिसमें चेक-इन बैगेज शामिल नहीं है, घरेलू उड़ानों पर 1,350 रुपये से और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 5,450 रुपये से शुरू हो रहा है। वैल्यू फेयर में तय चेक-इन बैगेज के साथ घरेलू रूट 1,400 रुपये और अंतरराष्ट्रीय रूट 5,550 रुपये से उपलब्ध हैं। बिजनेस फेयर का किराया घरेलू उड़ानों के लिए 8,300 रुपये और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 8,500 रुपये से शुरू हो रहा है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस का यह ऑफर 16 जनवरी 2026 तक उपलब्ध रहेगा, और यात्रा की अवधि 20 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 तक तय की गई है। टिकट एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म्स से आसानी से बुक किए जा सकते हैं।