नई दिल्ली। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने जनधन खातों में बहुत बड़ी गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिटकॉइन घोटाले के आरोपियों ने जनधन खातों को हैक किया है और हर खाते से 2 रुपए ट्रांसफर किए हैं। इस हिसाब से घोटाले की कुल राशि 6000 करोड़ रुपए है। कुमारस्वामी ने कहा है, "मुझे बताया गया है कि जन धन खातों की हैकिंग हुई। हर एक अकाउंट से 2 रुपए ट्रांसफर किए गए हैं, मुझे नहीं पता कि इसमें कितनी सच्चाई है, लेकिन अगर ये सच है तो लगभग 6 हजार करोड़ रुपए की हेराफेरी इन अकाउंट से की गई है।
भारत समेत कई देशों में बिटकॉइन को नहीं है मान्यता
कुमारस्वामी ने बीजेपी की सरकार पर इन हेराफेरी को छिपाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार इस गड़बड़ी को कवर अप करने की कोशिश में है। आपको बता दें कि बिटकॉइन एक क्रिप्टो करेंसी है, जिसे भारत सहित कई देशों में अभी कानूनी मान्यता नहीं मिली है, लेकिन इसके बाद भी इस करेंसी का धंधा धड़ल्ले से हो रहा है। हालांकि कर्नाटक में आए बिटकॉइन घोटाले ने राज्य सरकार को झकझोर कर रख दिया है। कुमारस्वामी ने आरोप लगाया है कि इस घोटाले में कई प्रभावशाली राजनेता शामिल थे।
9 करोड़ की बिटकॉइन के साथ पकड़ा गया शख्स
आपको बता दें कि शहर के एक हैकर श्री कृष्ण उर्फ श्रीकी को 9 करोड़ रुपए की बिटकॉइन के साथ पकड़ा गया था। श्रीकृष्ण पर सरकारी पोर्टलों को हैक करने, डार्क नेट के माध्यम से ड्रग्स की सोर्सिंग करने और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से इसके लिए भुगतान करने का भी आरोप लगा है।
कर्नाटक में बिटकॉइन घोटाले को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार बीजेपी पर हमलावर है। कांग्रेस के नेता प्रियांक खड़गे का कहना है कि बिटकॉइन घोटाले से मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई अपने पद से हाथ धो बैठेंगे। भाजपा सरकार इस बार भी तीसरे मुख्यमंत्री को देखेगी, जैसा कि 2008-13 में देखा गया था।