बंगलूरू के बाहरी इलाके नेलमंगला के पास शनिवार आधी रात को एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। यहां एक कार और कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस में जोरदार टक्कर हुई, जिसमें पांच लोगों की जान चली गई।
पुलिस से मिली जानकारी
पुलिस ने बताया कि कार बंगलूरू की तरफ जा रही थी। अचानक कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पहुंच गई, और सामने से आ रही बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि कार में सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य युवक घायल हुआ, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि कार तेज गति में थी और ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया था। मृतकों की उम्र 17 से 22 साल के बीच थी और वे सभी डोड्डाबल्लापुरा के रहने वाले दोस्त थे। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 43 यात्री सुरक्षित रहे और उन्हें दूसरी बस से आगे के सफर के लिए भेजा गया।
जांच की जा रही है
मदनायकनहल्ली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जॉइंट पुलिस कमिश्नर कार्तिक रेड्डी ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार सवार लोग नशे में थे या नहीं। इसके लिए खून के नमूने लैब भेजे गए हैं। मृतकों के परिवार और पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है।
एक मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा मंदिर जाने के बहाने घर से निकला था। वह सीसीटीवी कैमरा ऑपरेटर का काम करता था और घर वालों को कार के मालिक की जानकारी नहीं थी।