केरल में गुरुवार को आयोजित ‘सैनिक सम्मान सम्मेलन’ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश की सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और तेल की आपूर्ति निरंतर बनी रहे, इसके लिए भारतीय नौसेना के जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य में देश के टैंकरों को सुरक्षित एस्कॉर्ट प्रदान कर रहे हैं।
पड़ोसी देशों को निहायत चेतावनी
रक्षा मंत्री ने किसी का नाम लिए बिना चेताया कि, "मौजूदा हालात में हमारा पड़ोसी कोई भी दुस्साहस कर सकता है। अगर ऐसा होता है, तो भारत की कार्रवाई अभूतपूर्व और निर्णायक होगी।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी जारी है। बता दें कि 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के जवाब में ईरान ने भी कड़ी कार्रवाई की थी, जिससे मध्य-पूर्व में तनाव और बढ़ गया।
चुनावी माहौल में विपक्ष पर निशाना
केरल में चुनाव की तैयारियों के बीच राजनाथ सिंह ने विपक्षी दलों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि "इस संकट की घड़ी में देश के साथ खड़े होने के बजाय, वे ओछी राजनीति में लगे हुए हैं।" उन्होंने आगे कहा, "आज हम बड़े बदलाव और चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं। पश्चिम एशिया में गंभीर संघर्ष जारी है। केरल के कई लोग इन देशों में रहते और काम करते हैं, लेकिन हमारे लिए चिंता की कोई वजह नहीं है। अपने नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।"