बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी के बाहरी इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में सात लोगों की जान चली गई। यह हादसा होसकोटे के समीप एम. सत्यवर गांव के पास होसकोटे–डाबास्पेटे राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ।
पुलिस के मुताबिक, होसकोटे से देवनहल्ली की ओर जा रही एक एसयूवी ने पहले एक मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और एसयूवी आगे चल रहे एक कैंटर से जा भिड़ी। इसी दौरान एक अन्य कार भी दुर्घटना की चपेट में आ गई, जिससे हादसा और गंभीर हो गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, एसयूवी और मोटरसाइकिल पर सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों के बेंगलुरु के कोथनूर क्षेत्र का निवासी होने की आशंका है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए होसकोटे के सरकारी अस्पताल भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है।