संसद के चालू बजट सत्र के दौरान सोमवार को लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि कल्याण बनर्जी और एक अन्य सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सामने नारेबाजी कर रहे हैं।
लोकसभा की कार्यवाही के दौरान टीएमसी सांसद वेल में आकर लगातार नारेबाजी करते रहे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें अपनी सीट पर लौटने का निर्देश दिया, लेकिन कल्याण बनर्जी ने नजरअंदाज करते हुए प्रदर्शन जारी रखा। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सांसद लगातार पीएम मोदी और अमित शाह का नाम लेते हुए जोरदार नारेबाजी कर रहे थे।
पूर्व शीतकालीन सत्र में भी रहे चर्चा में
कल्याण बनर्जी के यह व्यवहार नए नहीं हैं। संसद के पिछले शीतकालीन सत्र में उनका एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ हंसी-मज़ाक करते नजर आए थे। उस दौरान टीएमसी सांसद ने पश्चिम बंगाल में चल रहे गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) को लेकर गडकरी से हल्का-फुल्का मजाक किया।
वीडियो में देखा गया कि कल्याण बनर्जी गडकरी से पूछते हैं कि “घुसपैठियों को बाहर फेंक देंगे, कोई मिला?” इस पर गडकरी मुस्कुराते हुए अपनी कार की ओर बढ़ते हैं और बताते हैं कि कार हाइड्रोजन से चलती है।
इसके जवाब में कल्याण बनर्जी चुटकी लेते हुए कहते हैं, “इतना लेकर क्या करेंगे? एक-दो हमारे पास भी भेज दीजिए। आप जो अपने नौकर-वौकर के पास भेजते हैं ना, वो हमारे पास भेज दीजिए।” उनकी इस टिप्पणी पर संसद में मौजूद कई सांसद हंस पड़े।
संसद में विपक्ष और सरकार के बीच इस तरह के हंसी-मज़ाक भरे पल अक्सर देखने को मिलते हैं, लेकिन कल्याण बनर्जी का प्रदर्शन इस बार सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया है।