पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर जारी सियासी उथल-पुथल लगातार गहराती जा रही है। पार्टी में एक के बाद एक कई घटनाक्रम सामने आ रहे हैं, जिससे संगठन के अंदर असंतोष और गुटबाजी की तस्वीर साफ दिख रही है।

पहले विधानसभा के भीतर कुछ विधायकों के असंतोष और बगावत की खबरें सामने आईं, इसके बाद कुछ राज्यसभा सांसदों के इस्तीफे ने राजनीतिक हलचल और बढ़ा दी। वहीं, लोकसभा के कुछ सांसदों के अलग रुख अपनाने से पार्टी के भीतर तनाव और बढ़ गया।

इसी बीच बीते दिन उस गुट की ओर से भी बड़ा दावा सामने आया, जो खुद को ‘असली टीएमसी’ बता रहा है। इस गुट की ओर से पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी को अध्यक्ष पद से हटाने और वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी को पार्टी से निलंबित करने जैसी बातें सामने आईं, जिससे विवाद और गहरा गया।

अब इसी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी नेतृत्व ने बागी माने जा रहे नेताओं में शामिल अरूप रॉय, फिरहाद हकीम समेत आठ नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।