देश के कई हिस्सों में बढ़ती गर्मी और लू के हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से पानी पीने और शरीर को हाइड्रेटेड रखने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और खुले में काम करने वाले लोगों को ज्यादा खतरा रहता है, इसलिए उन्हें अतिरिक्त देखभाल की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि गर्मी से होने वाली थकावट या कमजोरी के शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज करना नुकसानदायक हो सकता है।
पानी और सावधानी पर जोर
Narendra Modi ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि देश के अलग-अलग राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। उन्होंने अपील की कि लोग घर से निकलते समय पानी साथ रखें और दूसरों को भी पानी उपलब्ध कराने की कोशिश करें।
उन्होंने यह भी कहा कि छोटे-छोटे प्रयास, जैसे घर या दुकान के बाहर मटके में पानी रखना, किसी प्यासे व्यक्ति या पक्षी के लिए बड़ी मदद साबित हो सकते हैं।
बुजुर्गों और पशु-पक्षियों का रखें ध्यान
प्रधानमंत्री ने लोगों से अपने बुजुर्ग परिजनों से नियमित संपर्क बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय-समय पर उनका हालचाल पूछें और उन्हें धूप से बचने तथा पर्याप्त आराम करने की सलाह दें।
इसके साथ ही उन्होंने पशु-पक्षियों के लिए पानी रखने की भी अपील की, ताकि इस भीषण गर्मी में कोई भी जीव प्यासा न रहे।
नौतपा का असर तेज
देश में 25 मई से शुरू हुए नौतपा का असर अब कई राज्यों में साफ दिखाई दे रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं तापमान को लगातार बढ़ा रही हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।