लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार अभियान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया। फ़तेहपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ''मैंने यह कहा था कि 'शहजादा' वायनाड से भाग जाएंगे और अमेठी की ओर जाने की हिम्मत नहीं करेंगे। यह सच हो गया। अब, कांग्रेस ने अपना सम्मान बचाने के लिए 'मिशन-50' का फैसला किया...'इसके लिए भानुमती के कुनबे में हवा भरने की कोशिश हो रही है, लेकिन जिस इंडिया गठबंधन की गाड़ी का टायर पहले दिन से पंक्चर हो जाएगा वो कितना आगे जाएगा।'
नरेंद्र मोदी ने कहा कि अभी देश में 4 चरण के चुनाव हुए हैं। लेकिन जनता-जनार्दन ने इन 4 चरणों में ही इंडी गठबंधन को चारों खाने चित्त कर दिया है। भानुमति का कुनबा बिखरने लगा है, उसने हथियार डाल दिए हैं। बचे हुए चुनाव में कोई मेहनत भी नहीं करना चाहता। इंडी गठबंधन के कार्यकर्ता पहले से ही निराश थे, अब उन्होंने घर से निकलना ही छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि मैं आपको भीतर की बात बताता हूं। आपको पता होगा कि मैंने कहा था कि ये शहजादे केरल के वायनाड से भागेंगे। लमैंने कहा था कि वो अमेठी की तरफ जाने की हिम्मत नहीं करेंगे, ये खबर भी पक्की निकली। आगे की खबर ये है कि इज्जत बचाने के लिए अब कांग्रेस ने मिशन 50 रखा है। मतलब कैसे भी करके पूरे देश में 50 सीटें मिल जाए, ये कांग्रेस का लक्ष्य है।
मोदी ने कहा कि पंजे और साईकिल के सपने टूट गए - खटाखट...खटाखट। अब 4 जून के बाद की प्लानिंग हो रही है कि हार का ठीकरा किस पर फोड़ा जाए - खटाखट...खटाखट। और मुझे तो कोई बात रहा था कि विदेश यात्रा का टिकट भी बुक हो गया है - खटाखट...खटाखट। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा... दोनों के सारे गुण मिलते हैं। - दोनों परिवारवाद को समर्पित हैं। दोनों भ्रष्टाचार के लिए राजनीति में हैं। दोनों अपने वोटबैंक को खुश करने के लिए कुछ भी कर सकती हैं। दोनों अपराधियों और माफियाओं को बढ़ावा देती हैं। और सपा-कांग्रेस, दोनों आतंकवादियों की उतनी ही हमदर्द हैं।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि सपा-कांग्रेस को लगता है कि ये हमारे समाज को तोड़कर अपना काम बना लेंगे। इसलिए इनके हौंसले बढ़ गए हैं। कांग्रेस के शहजादे राम मंदिर पर ताला डलवाने का ख्वाब देख रहे हैं। सपा के बड़े नेता कहते हैं कि राम मंदिर तो बेकार है। इनके गठबंधन के लोग कहते हैं कि वे सत्ता में आकर सनातन धर्म का विनाश कर देंगे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में UP अपराध में टॉप पर होता था। लेकिन विकास के मामले में UP की गिनती पिछड़ी प्रदेश के तौर पर होती थी। लेकिन, आज भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश को विकास में टॉप पर ले आई है।
मोदी ने कहा कि आज UP सबसे ज्यादा एक्सप्रेस वे वाले राज्यों में टॉप पर है। सबसे ज्यादा एयरपोर्ट के मामले में UP टॉप पर है। UP 7 शहरों में मेट्रो शुरू करके टॉप पर है। यही नहीं गरीब कल्याण की जो योजनाएं मैं चलाता हूं, UP उनमें भी टॉप पर है। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद से UP में जबसे भाजपा सरकार आई है, तो यहां पीएम आवास योजना के घर तेजी से बनने शुरू हुए हैं। अब तक भाजपा सरकार यहां शहरों में 15 लाख और गांवों में 35 लाख पक्के घर बनाकर गरीबों को दे चुकी है। और जिन्हें अब तक पक्के घर नहीं मिले हैं, उन्हें भी मैं गारंटी दे रहा हूं कि हर गरीब को पक्का घर जरूर मिलेगा।