चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब शारजाह से आई एअर अरेबिया की फ्लाइट में सवार एक यात्री ने विमान का आपातकालीन दरवाजा खोल दिया और नीचे कूद गया। घटना के समय विमान लैंडिंग के बाद टैक्सीवे पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था।

बताया गया है कि फ्लाइट में कुल 231 यात्री सवार थे। अचानक हुई इस घटना से विमान में बैठे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत विमान रोका और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित यात्री की तबीयत उड़ान के दौरान खराब हो गई थी। उसने घबराहट और उल्टी की शिकायत की थी। बताया जा रहा है कि कूदने से पहले उसने विमान के भीतर दो बार उल्टी भी की थी। आशंका है कि बेचैनी और स्वास्थ्य खराब होने के कारण उसने यह कदम उठाया।

सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और एयरपोर्ट सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। यात्री को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। पायलट की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना के चलते एयरपोर्ट संचालन पर भी असर पड़ा। सुरक्षा कारणों से मुख्य रनवे को करीब एक घंटे तक बंद रखा गया और इस दौरान अन्य उड़ानों को वैकल्पिक रनवे पर डायवर्ट किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि घटना में विमान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और बाकी सभी यात्री सुरक्षित हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिया गया यात्री तमिलनाडु के पुदुक्कोट्टई जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। साथ ही यात्री की मानसिक और शारीरिक स्थिति का भी परीक्षण कराया जा रहा है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।