भुवनेश्वर। ओडिशा में गर्मी का प्रकोप लगातार तेज होता जा रहा है और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर होने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। विभाग के अनुसार राज्य में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

भीषण लू और गर्म हवाओं के चलते दिन के साथ-साथ रात में भी राहत मिलने की संभावना कम है। खासकर पश्चिमी ओडिशा के जिलों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है, जबकि तटीय क्षेत्रों में बढ़ती नमी (उमस) लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।

कई जिलों में तापमान में तेज बढ़ोतरी की आशंका

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। इसी को देखते हुए बलांगीर और कालाहांडी में सभी शैक्षणिक संस्थानों को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है, जबकि सोनपुर जिले में चार दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

19 अप्रैल तक लू का असर तेज

पूर्वानुमान के अनुसार 18 अप्रैल को टिटिलागढ़, संबलपुर और झारसुगुड़ा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं बलांगीर, सुंदरगढ़ और भवानीपटना में पारा 44 डिग्री तक रहने की संभावना है। सोनपुर, नुआपड़ा, बौद्ध और बरगढ़ में तापमान 43 डिग्री के आसपास रह सकता है।

19 अप्रैल को भी गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। टिटिलागढ़, संबलपुर, झारसुगुड़ा और नुआपड़ा में तापमान 45 डिग्री तक जा सकता है, जबकि बलांगीर, भवानीपटना और सुंदरगढ़ में 44 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।

आगे भी जारी रह सकती है गर्मी

मौसम विभाग ने 20 और 21 अप्रैल के लिए भी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पश्चिमी ओडिशा के अधिकांश इलाकों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तेज धूप से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और जरूरी सावधानियां बरतें, ताकि हीटवेव के असर से सुरक्षित रह सकें।