मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र के ग्राम मुहम्मदपुर माफी में शनिवार सुबह एक पटाखा गोदाम में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुए जोरदार धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।

घटना में उजेफा (16) और कासिम गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि दो से तीन अन्य बच्चों के घायल होने की भी खबर है। ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उजेफा और कासिम को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर कर दिया।

पुलिस और दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही रतनपुरी थाना प्रभारी राकेश कुमार, सीओ यतेंद्र सिंह नागर, अग्निशमन अधिकारी आर.के. यादव और फायर अधिकारी अनुराग कुमार मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जिन्हें पुलिस ने नियंत्रित किया।

अवैध पटाखा निर्माण की आशंका

ग्रामीणों के अनुसार यह गोदाम गांव के निवासी अमरेज ने करीब दो-तीन महीने पहले किराए पर दिया था। हालांकि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि वहां पटाखे बनाए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में गोदाम में अवैध रूप से पटाखा निर्माण होने की आशंका जताई जा रही है।