केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी ने रियल एस्टेट डेवलपर सुपरटेक के चेयरमैन आरके अरोड़ा को गिरफ्तार किया है. सूत्रों ने बताया कि आरके अरोड़ा की गिरफ्तारी PMLA के तहत की गई है. मंगलवार (27 जून) को ईडी ने आरके अरोड़ा को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था. 

सुपरटेक ऑफ कम्पनीज और उसके डायरेक्टर्स के खिलाफ पहले से दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थानों में खरीददारों के साथ धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं. जिसके बाद ईडी ने PMLA के तहत जांच शुरू की थी. जांच में पाया गया था कि खरीददारों से फ्लैट्स के नाम पर मोटी रकम ली की गई. 

सुपरटेक पर ये हैं आरोप

उन्हें समय पर पजेशन नहीं दिया गया, साथ ही प्रोजेक्ट के नाम पर बैंकों से लिए गए लोन का भी इस्तेमाल नियमों के विपरीत किया गया. पूछताछ में जब ईडी आज संतुष्ट नहीं हुई तो आरके अरोड़ा की गिरफ्तारी की गई. अरोड़ा को बुधवार को एक विशेष अदालत में पेश किए जाने की संभावना है. 

40 करोड़ की संपत्ति की थी कुर्क 

आरके अरोड़ा बिल्डरों के संगठन नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल (नेरेडको) के अध्यक्ष भी हैं. प्रवर्तन निदेशालय ने कहा था कि अप्रैल में, मनी लॉन्ड्रिंग रोधी कानून के तहत सुपरटेक और उसके निदेशकों की 40 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की गई थी. इसमें उत्तराखंड की 25 अचल संपत्तियां और यूपी के मेरठ में बना मॉल शामिल है.