पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में भाजपा नेता Suvendu Adhikari के निजी सहायक Chandranath Rath की हत्या के मामले ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। इस घटना को लेकर सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि हत्या पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई और आरोपियों ने पहले कई दिनों तक रेकी की थी।

अस्पताल के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि पहले से तैयार की गई साजिश थी। उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक ने भी प्रारंभिक जांच में इसे योजनाबद्ध हत्या माना है। अधिकारी ने कहा कि घटना को लेकर पार्टी नेतृत्व लगातार संपर्क में है और दिल्ली से वरिष्ठ नेताओं ने भी जानकारी ली है।

उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बंगाल लंबे समय से “जंगलराज” जैसी स्थिति से गुजर रहा है और भाजपा ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी।

पुलिस जांच में जुटी

पश्चिम बंगाल के डीजीपी Siddh Nath Gupta ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई चारपहिया गाड़ी बरामद कर ली है, हालांकि शुरुआती जांच में वाहन की नंबर प्लेट संदिग्ध बताई जा रही है।

डीजीपी के मुताबिक घटनास्थल से जिंदा और इस्तेमाल किए गए कारतूस मिले हैं। पुलिस चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

चश्मदीद ने बताई घटना की पूरी तस्वीर

घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच चंद्रनाथ रथ की कार अचानक सड़क पर धीमी हुई। तभी बाइक सवार एक व्यक्ति कार के पास पहुंचा और बेहद करीब से फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार हमलावर काफी पेशेवर तरीके से वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।

उसने बताया कि दो राउंड गोलियों की आवाज सुनाई दी और घायल अवस्था में चंद्रनाथ रथ को अस्पताल पहुंचाया गया। कार चालक भी गोली लगने से घायल हुआ है।

कार को घेरकर की गई फायरिंग

जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले चंद्रनाथ रथ की कार का पीछा किया और मौका मिलते ही ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। चंद्रनाथ रथ को तीन गोलियां लगीं। कार की खिड़कियों पर गोली लगने के निशान भी मिले हैं।

बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ लंबे समय से सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी थे और राजनीतिक समन्वय समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते थे।