नई दिल्ली। नए साल की शुरुआत के साथ ही 1 जनवरी 2026 से देश में कई महत्वपूर्ण नियम लागू हो गए हैं, जो आम जनता और सरकारी कर्मचारियों दोनों पर असर डालेंगे।

8वें वेतन आयोग लागू

सबसे बड़े बदलावों में से एक है 8वें वेतन आयोग का लागू होना। इस फैसले से लगभग 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनभोगियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों के अनुसार नए वेतन आयोग के लागू होने से सरकारी कर्मचारियों की सैलरी में 20 से 35 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है।

LPG सिलेंडर के दाम बढ़े

1 जनवरी से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडरों की कीमत में ₹111 की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलो सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम परिवारों को राहत मिली है।

CNG और PNG में राहत

ईंधन की ओर देखें तो इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने नए साल से CNG और PNG की कीमतों में कटौती की है। CNG की कीमतें ₹3 कम हुई हैं और PNG की दर ₹0.70 घटाई गई है। हालांकि, नई कीमतें शहर-शहर अलग-अलग लागू होंगी।

क्रेडिट स्कोर अब हर हफ्ते अपडेट

1 जनवरी से क्रेडिट स्कोर प्रणाली में बड़ा बदलाव किया गया है। अब तक क्रेडिट स्कोर महीने में एक बार अपडेट होते थे, लेकिन अब यह हर सात दिन या हफ्ते में अपडेट होंगे। इसका फायदा उन लोगों को होगा जो अपनी EMI समय पर चुकाते हैं, क्योंकि उनका क्रेडिट प्रोफाइल तेजी से बेहतर दिखाई देगा।

PAN कार्ड अब इनएक्टिव

31 दिसंबर 2025 तक PAN को आधार से लिंक करने की अंतिम तारीख समाप्त हो गई। जो लोग अब तक PAN को आधार से लिंक नहीं कर पाए हैं, उनके PAN कार्ड 1 जनवरी से इनएक्टिव हो जाएंगे। इनएक्टिव PAN के कारण इनकम टैक्स रिटर्न फाइलिंग और बड़े बैंकिंग लेन-देन में दिक्कतें आ सकती हैं।

किसान ID कार्ड की नई प्रणाली

केंद्र सरकार ने PM किसान योजना के लाभार्थियों के लिए किसान ID कार्ड की नई प्रणाली शुरू की है। यह प्रणाली 1 जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में लागू हो गई है।