सूरत के वराछा इलाके में शुगर मार्केट के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चार मजदूरों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि ETP प्लांट की टंकी की सफाई के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने से सभी मजदूर बेहोश हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह के समय चार मजदूर टंकी की सफाई के काम के लिए ETP प्लांट में उतरे थे। सफाई के दौरान टंकी के अंदर मौजूद जहरीली गैस तेजी से फैल गई, जिससे चारों मजदूर कुछ ही समय में बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके।
सुबह करीब 10:22 बजे फायर विभाग को सूचना दी गई कि टंकी में एक व्यक्ति फंसा हुआ है। जब रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया, तो अंदर एक नहीं बल्कि चार लोग बेहोश हालत में मिले। काफी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला गया।
घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से SMIMER अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में मातम छा गया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई है। DCP आलोक कुमार के अनुसार, घटना में यह देखा जा रहा है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं। शुरुआती जांच में लापरवाही की संभावना सामने आई है और मामले को एक्सीडेंटल डेथ के तौर पर दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह एक औद्योगिक यूनिट है, जहां ETP टैंक की नियमित सफाई की जाती है, लेकिन इस बार मजदूर बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के अंदर गए थे। सूचना मिलने पर रेस्क्यू किया गया, लेकिन तब तक सभी मजदूर गंभीर स्थिति में पहुंच चुके थे।
अधिकारियों का कहना है कि पूरी घटना की जांच की जा रही है और जिम्मेदारी तय करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।