पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम एन्क्लेव में दिल्ली विश्वविद्यालय की एक असिस्टेंट प्रोफेसर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि यह वारदात संपत्ति विवाद से जुड़ी रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें सीसीटीवी फुटेज में मास्क पहने हुए देखा गया था।

मृतका की पहचान डॉ. देबोस्मिता पॉल के रूप में हुई है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज के अंग्रेजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर थीं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उनकी हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर की गई।

पुलिस के अनुसार, डॉ. पॉल अपने पति से अलग रह रही थीं, जो फिलहाल बेंगलुरु में निवास करते हैं। उनकी शादी वर्ष 2017 में हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवादों के चलते 2022 में दोनों अलग हो गए थे। घटना के समय वह अपनी बहन के फ्लैट में रह रही थीं।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच में यह सामने आया है कि हत्या के पीछे संपत्ति से जुड़ा विवाद मुख्य कारण हो सकता है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है।