पुल से गुजर रहीं थीं गाड़ियां, तभी अचानक टूट कर नदी में गिरा

वियतनाम में तूफान यागी और उसके बाद भारी बारिश ने भीषण तबाही मचाई है। बाढ़ की वजह से सोमवार को वियतनाम में एक नदी पर बना पुल ढह गया। घटना फु थो प्रांत की है। स्टील का यह पुल लाल नदी पर बना था। मौके पर बचाव अभियान चलाया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 10 कारें और दो मोटरसाइकिल नदी में गिर गईं। कुछ लोगों को नदी से बाहर निकाला गया और इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी 10 लोग लापता हैं।

नदी में गिरने वालों ने बताई पूरी कहानी

पुल से नदी में गिरने वाले गुयेन मिन्ह हाई ने बताया कि जब मैं नीचे गिरा तो बहुत डर गया था। मुझे तैरना नहीं आता था। मैं मौत से बचकर आया हूं। 50 साल के फाम ट्रुओंग सोन ने बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल से पुल पर जा रहा था। तभी उसने एक तेज आवाज सुनी। कुछ समझ पाता उससे पहले ही नदी में गिर चुका था। मुझे लगा कि मैं नदी के तल पर डूब रहा हूं। एक केले के पेड़ को पकड़कर अपनी जान बचाई।

बाढ़ और भूस्खलन में 64 की मौत

वियतनाम में तूफान और बाढ़ से अब तक 64 लोगों की जान जा चुकी है। बाढ़ में एक बस भी बह गई है। कई औद्योगिक केंद्रों में फैक्ट्रियों को भारी नुकसान पहुंचा है। सिर्फ तूफान यागी की वजह से वियतनाम में नौ लोगों की मौत हुई है। बाकी लोगों की मौत रविवार और सोमवार को बाढ़ और भूस्खलन में हुई है।

20 लोगों से भरी बस बाढ़ में बही

उत्तरी वियतनाम में कई नदियों का जल स्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है। सोमवार की सुबह पहाड़ी काओ बांग प्रांत में भूस्खलन के कारण 20 लोगों को ले जा रही बस बाढ़ में बह गई। वियतनाम की सरकारी मीडिया के मुताबिक बस से चार शव मिले हैं। एक व्यक्ति को जीवित बचा लिया गया। अन्य लोग लापता हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here