मंगलुरु (कर्नाटक): दक्षिण कन्नड़ जिले में धार्मिक जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मूडबिद्री तालुक के पास शुक्रवार देर रात एक पुराना और संकरा फुटब्रिज अचानक टूटकर गिर गया, जिससे जुलूस में शामिल आठ श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को इस घटना की पुष्टि की।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा होसाबेट्टू के बावदाबैले इलाके में हुआ। धर्मनेमा अनुष्ठान के तहत श्रद्धालु पालकी और पवित्र चढ़ावे के साथ जुलूस निकाल रहे थे। जुलूस सनदगुड्डे पडिहोडिबेट्टू स्थित मंदिर से शुरू होकर टकोडे बार्के इलाके के एक घर की ओर जा रहा था।
अधिकारियों के अनुसार, जुलूस में करीब 25 लोग शामिल थे। पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ श्रद्धालु जब संकरे फुटब्रिज पर पहुंचे, तो बीच हिस्से में पहुंचते ही अचानक पुल की सपोर्टिंग बीम टूट गई और पूरा ढांचा भरभराकर गिर गया।
पुल के गिरते ही पालकी समेत कई लोग करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में हरीश नाम के व्यक्ति के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि मरूर निवासी सुनील शेट्टी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बाकी छह लोगों को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह फुटब्रिज लगभग 50 साल पुराना था और काफी जर्जर स्थिति में था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कमजोर सपोर्टिंग स्ट्रक्चर के कारण यह हादसा हुआ।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अब पुल की संरचना और रखरखाव को लेकर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने भी पुराने और जर्जर पुलों की नियमित जांच की मांग उठाई है।