आगरा: स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए बिजली विभाग ने बड़ी राहत की घोषणा की है। अब एक किलोवॉट तक के उपभोक्ताओं का रिचार्ज खत्म होने पर भी तुरंत बिजली नहीं काटी जाएगी। इसके अलावा रिचार्ज कराने के लिए पहले जहां केवल तीन दिन का समय मिलता था, अब उसे बढ़ाकर 30 दिन कर दिया गया है।
इस नई व्यवस्था से जिले के करीब 2 लाख उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। रिचार्ज समाप्त होने की स्थिति में भी उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होगी, जिससे उन्हें अतिरिक्त समय मिल सकेगा।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के आगरा जोन में लगभग 4.50 लाख उपभोक्ता पंजीकृत हैं, जिनमें से 1.70 लाख उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। शेष 2.70 लाख उपभोक्ताओं के यहां भी पुराने मीटर बदलकर स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया जारी है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, जिन 1.70 लाख उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उनमें करीब 22 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने समय पर बिल जमा नहीं किया है। ऐसे उपभोक्ताओं से बिल वसूली के लिए विभाग की टीमें लगातार संपर्क कर रही हैं।
स्मार्ट मीटर को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए 114 स्थानों पर विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी ने बताया कि स्मार्ट मीटर प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं को लगभग 2 प्रतिशत सस्ती बिजली भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 1 किलोवॉट तक के कनेक्शन पर रिचार्ज खत्म होने के बाद 30 दिन की राहत दी जाएगी, जबकि 2 किलोवॉट से अधिक क्षमता वाले कनेक्शन पर यह सुविधा लागू नहीं होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद मैनुअल बिलिंग प्रणाली समाप्त कर दी गई है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपना मोबाइल नंबर विभाग में जरूर रजिस्टर कराएं, क्योंकि बिल, रिचार्ज और अन्य सभी जानकारी अब एसएमएस के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा उपभोक्ता uppcl.org के जरिए ऑनलाइन भुगतान भी कर सकते हैं।