कर्नाटक: भाजपा नेता केएस ईश्वरप्पा बोले, राष्ट्रवादी मुस्लिम, ईसाई भाजपा को दे रहे वोट

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। दोपहर 1 बजे तक 37.25% मतदाताओं ने अपना वोट डाला है। राज्य में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। इन सब के बीत भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री केएस ईश्वरप्पा ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में सभी धर्मों के राष्ट्रवादी उनके साथ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कम से कम 140 सीटों के साथ जनादेश जीतेगी। पत्रकारों से बात करते हुए केएस ईश्वरप्पा ने कहा कि कर्नाटक में, राष्ट्रवादी मुस्लिम, राष्ट्रवादी ईसाई और सभी हिंदुत्ववादी भाजपा को वोट दे रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि भाजपा 13 मई को कम से कम 140 सीटों के साथ जनादेश प्राप्त करेगी। 

केएस ईश्वरप्पा, जो शिमोगा के एक प्रमुख लिंगायत नेता रहे हैं, ने पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के साथ चुनावी राजनीति से संन्यास ले लिया है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद सहित सरकार के विभिन्न प्रमुख पदों पर भी कार्य किया। हालांकि, ईश्वरप्पा के बेटे केई कांतेश को विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए भाजपा आलाकमान ने टिकट देने से इनकार कर दिया था। पार्टी ने इसके बजाय चन्नबसप्पा को शिमोगा विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा। इसके बाद ईश्वरप्पा की नाराजगी भी सामने आई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन भी किया था। इसके बाद केएस ईश्वरप्पा लगातार भाजपा के प्रचार में सक्रिय रहे। 

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा है कि मैं लोगों से लोकतंत्र की जीत और राज्य के भविष्य के लिए वोट करने की अपील करूंगा। मुझे विश्वास है कि हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। कांग्रेस भ्रष्टाचार की बात कर रही है लेकिन उनका खुद का ट्रैक रिकॉर्ड बहुत खराब है। उनके बहुत लोग बेल पर बाहर हैं। भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि कर्नाटक जो बजरंग बली की भूमि है, वहां के लोग 13 मई को सभी बातों का जवाब देंगे। कांग्रेस ने अचानक हर चीज़ की पूजा शुरू कर दी है और हम डीके शिवकुमार द्वारा एलपीजी सिलेंडर की पूजा करने का स्वागत करते हैं, हमें खुशी है कि कांग्रेस कम से कम किसी तरह की पूजा कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here