गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर (AC) लोगों की जरूरत बन चुका है। घर, ऑफिस और यात्रा के दौरान भी बड़ी संख्या में लोग लंबे समय तक एसी वाले माहौल में रहते हैं। ऐसे में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या लगातार एसी में रहने से हड्डियां कमजोर हो सकती हैं या फिर जोड़ों की समस्याएं बढ़ सकती हैं। इस विषय पर ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों ने स्थिति स्पष्ट की है।

एसी सीधे तौर पर हड्डियों को नहीं पहुंचाता नुकसान

मैक्स हॉस्पिटल, पटपड़गंज (दिल्ली) में ऑर्थोपेडिक एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट विभाग के वाइस चेयरमैन डॉ. एल. तोमर के अनुसार, एयर कंडीशनर का उपयोग सीधे तौर पर हड्डियों को कमजोर नहीं बनाता। हड्डियों की मजबूती मुख्य रूप से शरीर में कैल्शियम और विटामिन-डी की पर्याप्त मात्रा, संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और हार्मोनल संतुलन पर निर्भर करती है।

हालांकि, लंबे समय तक एसी वाले वातावरण में रहने से लोग धूप के संपर्क में कम आते हैं, जिससे विटामिन-डी की कमी होने की संभावना बढ़ जाती है।

धूप से दूरी बढ़ा सकती है समस्या

विशेषज्ञों का कहना है कि शरीर में विटामिन-डी का प्रमुख स्रोत सूर्य की रोशनी है। यदि कोई व्यक्ति अधिकांश समय बंद कमरों और एसी वाले माहौल में बिताता है तो विटामिन-डी का स्तर धीरे-धीरे कम हो सकता है। लंबे समय तक इसकी कमी बने रहने पर हड्डियों की घनत्व (Bone Density) प्रभावित होती है और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

क्या AC से बढ़ जाता है गठिया?

डॉ. तोमर के मुताबिक, एसी गठिया (Arthritis) का कारण नहीं बनता और न ही यह जोड़ों को स्थायी नुकसान पहुंचाता है। लेकिन कम तापमान वाले वातावरण में रहने से कुछ लोगों को जोड़ों में दर्द, अकड़न या असहजता अधिक महसूस हो सकती है।

खासतौर पर ऑस्टियोआर्थराइटिस से पीड़ित मरीजों में ठंडे माहौल के कारण दर्द की अनुभूति बढ़ सकती है। हालांकि यह बीमारी के बढ़ने का संकेत नहीं होता, बल्कि तापमान के प्रभाव से मांसपेशियों और जोड़ों में आने वाली अस्थायी जकड़न होती है।

हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?

1. रोजाना धूप लें
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि सुबह के समय कम से कम 10 से 15 मिनट धूप में जरूर बैठें। सुबह 7 से 8 बजे के बीच की धूप विटामिन-डी प्राप्त करने के लिए सबसे बेहतर मानी जाती है।

2. कैल्शियम और विटामिन-डी युक्त आहार लें
दूध, दही, पनीर और अन्य डेयरी उत्पाद कैल्शियम के अच्छे स्रोत हैं। वहीं विटामिन-डी के लिए घी, अंडे और अन्य पोषक खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल किया जा सकता है।

3. नियमित व्यायाम करें
रोजाना वॉक, योग या हल्का व्यायाम हड्डियों और जोड़ों को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। शारीरिक गतिविधि से शरीर का संतुलन और पाचन तंत्र भी बेहतर रहता है।

4. AC का तापमान संतुलित रखें
विशेषज्ञों के अनुसार एसी का तापमान बहुत कम रखने से शरीर में अकड़न महसूस हो सकती है। सामान्यतः 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान रखना अधिक आरामदायक माना जाता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि एयर कंडीशनर हड्डियों को सीधे तौर पर नुकसान नहीं पहुंचाता। हालांकि लंबे समय तक एसी में रहने और धूप से दूरी बनाए रखने पर विटामिन-डी की कमी हो सकती है, जो आगे चलकर हड्डियों की सेहत को प्रभावित कर सकती है। इसलिए संतुलित जीवनशैली, पर्याप्त धूप और नियमित व्यायाम हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी हैं।