ग्रेटर नोएडा: ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक ओवरलोड ट्रक से गिट्टी सड़क पर फैल जाने के कारण यातायात व्यवस्था अचानक प्रभावित हो गई। चक्रसैनपुर गांव के पास हुई इस घटना से एक्सप्रेसवे के एक बड़े हिस्से पर पत्थर बिखर गए, जिसके चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह करीब पांच बजे हुई इस घटना के बाद कई वाहन चालक यह समझ नहीं पाए कि तेज रफ्तार से चल रहा ट्रैफिक अचानक क्यों थम गया। सूचना मिलते ही दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। स्थिति गंभीर देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल सड़क साफ कराने की जिम्मेदारी खुद संभाल ली।
पुलिस ने खुद शुरू किया राहत कार्य
यातायात बहाल करने के लिए पुलिसकर्मी फावड़े लेकर सड़क पर उतर गए। कुछ जवानों ने हाथों से गिट्टी समेटी, जबकि अन्य ने वाहनों के निकलने के लिए रास्ता बनाने का काम किया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की।
करीब दो घंटे तक चले अभियान में पुलिस ने पहले एक लेन को वाहनों के आवागमन के लिए चालू कराया। इसके बाद जेसीबी मशीन बुलाकर सड़क पर फैले पत्थरों को पूरी तरह हटवाया गया। सफाई कार्य पूरा होने के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
सोशल मीडिया पर चर्चा में आई पुलिस की तत्परता
घटना के दौरान सड़क साफ करते पुलिसकर्मियों के वीडियो राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिए। बाद में ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे। कई लोगों ने पुलिस की तत्परता और सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि जवानों ने सिर्फ कानून-व्यवस्था ही नहीं संभाली, बल्कि आम नागरिकों की परेशानी दूर करने के लिए स्वयं मैदान में उतरकर उदाहरण पेश किया।
पुलिस ने क्या कहा?
दादरी कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि पलवल से दादरी की ओर आने वाले मार्ग पर चक्रसैनपुर के पास एक वाहन से गिट्टी सड़क पर फैल गई थी, जिससे एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा अवरुद्ध हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल सफाई अभियान शुरू कराया। सुबह करीब सात बजे तक सड़क से पत्थर हटाकर यातायात को पूरी तरह सुचारु कर दिया गया।